शिक्षा विभाग के अधिकारी लगाएंगे क्लास, देंगे परीक्षा
Posted in
Friday, 16 September 2011
by Rajkiya Prathmik Shikshak Sangh - 421
पवन सिरोवा, फतेहाबाद प्रदेश में जिला शिक्षा अधिकारियों से लेकर स्कूलों के मुख्याध्यापक तक को शिक्षा विभाग कंप्यूटर का पाठ पढ़ाएगा। इतना ही नहीं अधिकारियों को अब परीक्षा भी देनी होगी। अधिकारियों को कंप्यूटर साक्षर बनाने के मकसद से यह आदेश प्रदेश के विद्यालय शिक्षा महानिदेशक ने जारी किया है। गौरतलब है कि आइसीटी योजना के तहत प्रदेश भर के 2622 उच्च व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर लैब बना कर विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा का दी जा रही है। अब शिक्षा विभाग ने इसी योजना के तहत उन्हीं लैब में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कक्षाएं भी लगाने की तैयारी कर ली है। महानिदेशक ने 12 सितंबर को आदेश जारी किया कि हर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य और विद्यालय के मुख्य अध्यापकों को कंप्यूटर कक्षाएं लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। राजकीय स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा प्रदान करने वाली निजी कंपनी को अधिकारियों को कंप्यूटर ज्ञान देने के साथ ही अक्टूबर-नवंबर में उनकी परीक्षा भी लेनी होगी।
