न खेल हुआ, न खेल की जानकारी फिर भी प्रतियोगिता हो रही 28 से

Posted in Thursday 17 November 2011
by Rajkiya Prathmik Shikshak Sangh - 421

पवन सिरोवा, फतेहाबाद कौन खेलेगा और कौन होगा विजेता? इसका फैसला कैसे हो जब खेल का ही नहीं हो ज्ञान। एक या दो को जानकारी न हो तो माना भी जा सकता है, लेकिन विभाग के अधिकारी ही कह रहे हैं कि खेल नया है और किस श्रेणी में आएगा इसकी उन्हें जानकारी नहीं। यहां चर्चा उस खेल की हो रही है जिसे शिक्षा विभाग ने राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में शामिल किया है। चोई क्वांग डू के लिए समय और स्थान निर्धारित कर दिया गया है। राज्य स्तर पर 28 से 30 नवंबर को इस खेल के मुकाबले अंबाला में होने हैं। इससे पहले जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करवानी है। वर्तमान में जिले के राजकीय विद्यालयों में इस खेल का प्रशिक्षण ही नहीं दिया जा रहा है। इसका कोई भी खिलाड़ी नहीं है। सहायक जिला शिक्षा अधिकारी खेल अनिल कुमार का कहना है कि यह खेल नया है। इसमें अंडर 19 आयु वर्ग में लड़के व लड़कियों के लिए प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। फिलहाल उनकी नजर में इस खेल का कोई भी खिलाड़ी जिले के राजकीय विद्यालयों में नहीं है। सभी स्कूलों में निदेशक के आदेश जारी कर दिए जाएंगे ताकि यदि इस खेल का कोई भी खिलाड़ी है तो उसका ट्रायल लिया जाएगा। पीटीआइ व डीपीई को नहीं खेल की जानकारी : चोई क्वांग डू खेल के बारे में अभी तक किसी भी पीटीआइ व डीपीई को भी प्रशिक्षण नहीं दिया गया है। पीटीआई व डीपीई से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस खेल के नियमों के बारे में उन्हें पूरी जानकारी नहीं है। यह खेल ताई कमांडो या मार्शल आर्ट खेल के नियमों पर ही आधारित होगा। इसलिए इसी के अनुसार इसका ट्रायल लिया जाएगा। उच्च अधिकारियों से की जाएगी बात : सहायक जिला शिक्षा अधिकारी खेल अनिल कुमार बताया कि उन्हें विस्तार से जानकारी नहीं है। खिलाडि़यों के चयन ट्रायल के लिए शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से बातचीत की जाएगी और इस खेल के एक्सपर्ट से भी बात कर उनसे खेल के नियमों की जानकारी प्राप्त की जाएगी।